छत्तीसगढ़
मोतियों से सजा दिव्य राम दरबार, भक्ति में लीन हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल
Shantanu Roy
16 Nov 2026 1:15 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के मैग्नेटो मॉल में आस्था, भक्ति और अद्भुत कलाकारी का अनूठा संगम देखने को मिला। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सपरिवार मैग्नेटो मॉल पहुंचकर सफेद मोतियों और मनकों से निर्मित भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मोतियों से तैयार किए गए दिव्य राम दरबार का भी अवलोकन किया। कलाकारों की अद्भुत रचनात्मकता और श्रद्धा से तैयार इन धार्मिक झांकियों को देखकर सांसद भावविभोर हो गए। उन्होंने इस अनूठी कलाकृति को तैयार करने वाले कलाकारों की सराहना करते हुए उनकी कला और समर्पण को नमन किया।
2.5 लाख से अधिक मोतियों से बनी हनुमान प्रतिमा
मैग्नेटो मॉल में स्थापित भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी की प्रतिमा अपनी विशेष बनावट और भव्यता के कारण आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। करीब 20 फीट ऊंची इस विशाल प्रतिमा को 2.5 लाख से अधिक सफेद मोतियों और मनकों की सहायता से तैयार किया गया है। इसकी बारीक कारीगरी और आकर्षक स्वरूप आस्था के साथ कला की सुंदर अभिव्यक्ति प्रस्तुत करते हैं। प्रतिमा की सबसे खास बात यह है कि इसकी संरचना ऐसी प्रतीत होती है, मानो भगवान हनुमान की आकृति हवा में तैर रही हो। मोतियों और मनकों से निर्मित यह त्रिआयामी यानी 3D स्वरूप कलाकारों की रचनात्मकता का अद्भुत उदाहरण है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने परिवार के साथ इस भव्य प्रतिमा के दर्शन किए और इसकी सजीव कारीगरी की प्रशंसा की।
1.5 लाख मोतियों से सजा दिव्य राम दरबार
हनुमान जी की विशाल प्रतिमा के साथ ही मैग्नेटो मॉल में मोतियों से तैयार किया गया दिव्य राम दरबार भी विशेष आकर्षण का केंद्र है। लगभग 1.5 लाख मोतियों से पिरोए गए इस राम दरबार में प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और रामभक्त हनुमान विराजमान हैं। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सपरिवार राम दरबार के दर्शन कर इस सुंदर कलाकृति का अवलोकन किया। मोतियों से निर्मित भगवान के स्वरूपों में कलाकारों की मेहनत, श्रद्धा और कलात्मक कौशल की झलक दिखाई देती है। हनुमान प्रतिमा और राम दरबार में मोतियों का अनूठा इस्तेमाल इन झांकियों को विशेष बनाता है।
कलाकारों की रचनात्मकता को किया नमन
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इन धार्मिक झांकियों के दर्शन के बाद अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार के साथ इन अलौकिक झांकियों को देखना मन को भक्ति भाव से भर देने वाला अनुभव है। उन्होंने कलाकारों की अद्भुत रचनात्मकता और श्रद्धा को नमन किया। मैग्नेटो मॉल में स्थापित ये कलाकृतियां भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और आधुनिक कलात्मक अभिव्यक्ति का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। लाखों मोतियों और मनकों को जोड़कर तैयार की गई भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा और दिव्य राम दरबार भक्ति के साथ कलाकारों के धैर्य एवं समर्पण को भी दर्शाते हैं। सांसद ने परिवार के साथ इन झांकियों के दर्शन कर इस अद्भुत कला की सराहना की। भगवान श्रीराम और उनके परम भक्त हनुमान को समर्पित इन कलाकृतियों ने आस्था और कला के अनूठे संगम को साकार किया है।
Next Story





