छत्तीसगढ़

नाग सांप ने तोते को डसा, घर के पूजा कमरे में डाला डेरा

Nil dhankar
2 Aug 2026 1:01 PM IST
नाग सांप ने तोते को डसा, घर के पूजा कमरे में डाला डेरा
x
छग

कोरबा। जिले के पथरीपारा में रविवार सुबह (2 अगस्त) एक नाग सांप घर में घुस गया। पहले उसने घर के बाहर पिंजरे में बंद पालतू तोते को डसकर मार डाला, फिर घर के पूजा कक्ष में पहुंचकर भगवान की मूर्तियों के बीच फन फैलाकर कुंडली मारकर बैठ गया। इस घटना से परिवार के लोग घबरा गए, जबकि सावन का महीना होने के कारण आसपास के लोगों ने इसे आस्था से भी जोड़ा।

घटना पथरीपारा निवासी छोटू कुमार के घर की है। दोपहर में परिजनों ने पिंजरे से तोते की तेज आवाज सुनी। बाहर निकलकर देखा तो एक बड़ा नाग पिंजरे के अंदर था। कोबरा के डसने से पालतू तोते की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद सांप पिंजरे से निकलकर सीधे घर के भीतर चला गया।

घर में घुसने के बाद कोबरा पूजा कक्ष में पहुंचा और भगवान की मूर्तियों के बीच फन फैलाकर बैठ गया। यह दृश्य देखकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सावन और नाग पंचमी नजदीक होने के कारण कई लोगों ने इसे धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए नाग की पूजा भी की। इस दौरान किसी ने भी सांप को नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं की। परिजनों ने तुरंत रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) के अध्यक्ष अविनाश यादव को सूचना दी। अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक कोबरा पूजा कक्ष से निकलकर दूसरे कमरे में छिप गया था।

टीम ने पूरे घर की सावधानीपूर्वक तलाशी लेकर कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि न तो किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचे और न ही सांप को कोई चोट आए। रेस्क्यू पूरा होने के बाद परिवार और मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली।

Next Story