
बिलासपुर। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसी। इससे दुकान का शटर, काउंटर, डिस्प्ले रैक समेत कई सामानों को नुकसान पहुंचा है। दुकानदार के मुताबिक करीब 2.50 लाख का नुकसान हुआ है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार सड़क से फुटपाथ पर उछलकर दुकान में घुसती हुई नजर आ रही है। जिसके बाद कार सवार युवक गाड़ी बैक कर भाग निकला।
दरअसल, राजीव गांधी चौक-जरहाभाठा में नेताजी सुभाष कॉम्प्लेक्स में पार्थ प्रकाश गुप्ता की पराफ्लेक्स वायर कंपनी की एजेंसी है। जहां, वो वॉयर और केबल वायर सहित अन्य सामानों की बिक्री करते हैं। रोज की तरह वो 29 नवंबर की रात दुकान बंद कर अपने घर चले गए। इस बीच सुबह उन्हें पता चला कि उनकी दुकान का शटर टूटा हुआ है। दुकान पहुंचकर जानकारी लेने पर हादसे का पता चला।
इस दौरान उन्होंने दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज चेक किया, तब पता चला कि 30 नवंबर के तड़के करीब 3 बजे पराफ्लेक्स वायर एंड केबल की दुकान में तेज रफ्तार कार शटर तोड़कर घुसते हुए नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी। जिसे ड्राइवर नियंत्रित नहीं कर सका। इस दौरान फुटपाथ से उछलकर कार सीधे शटर तोड़ते हुए दुकान में जा घुसी।





