
रायपुर। नए विधानसभा भवन के लोकार्पण, और पीएम नरेन्द्र मोदी के दौरे की तैयारियों पर चर्चा के लिए मंगलवार को एक बड़ी बैठक होगी। इस बैठक में सीएम विष्णुदेव साय, स्पीकर डॉ. रमन सिंह, और दोनों डिप्टी सीएम रहेंगे। बैठक में विधानसभा की शिफ्टिंग पर भी चर्चा हो सकती है।
पीएम नरेन्द्र मोदी 31 अक्टूबर को प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। वो संभवत: नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। भवन का निर्माण कार्य तकरीबन पूरा हो गया है। आंतरिक साज-सज्जा का काम चल रहा है। चर्चा है कि 30 सितंबर को पीडब्ल्यूडी, विधानसभा सचिवालय को हस्तांतरित कर देगा। इसके बाद सचिवालय की शिफ्टिंग की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक कल बैठक पुराने विधानसभा भवन में होगी। इसमें पीएम के आगमन की तैयारियों पर स्पीकर डॉ. रमन सिंह, सीएम साय और दोनों डिप्टी सीएम अरूण साव व विजय शर्मा के साथ-साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ चर्चा करेंगे। बताया गया कि उद्घाटन समारोह में नगरीय निकाय और जिला और जनपद के पदाधिकारियों को आमंत्रित करने की योजना है। इसके अलावा राज्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित और पद्मश्री व कला और साहित्य क्षेत्र के विभूतियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। करीब 5 हजार लोगों को बुलाने की तैयारी है।





