छत्तीसगढ़

रायपुर के तालाब से 72 ट्रक कचरा बाहर निकाला गया, ग्रीन आर्मी का जनआंदोलन बना मिसाल

Nil dhankar
10 Jan 2026 4:31 PM IST
रायपुर के तालाब से 72 ट्रक कचरा बाहर निकाला गया, ग्रीन आर्मी का जनआंदोलन बना मिसाल
x

रायपुर। ग्रीन आर्मी द्वारा संचालित महाराजबंध तालाब सफाई अभियान ने एक माह में स्वच्छता और जनसहभागिता की नई मिसाल कायम की है। 11 दिसंबर से प्रतिदिन सुबह 8 बजे नियमित श्रमदान के साथ संचालित इस अभियान को 1 माह पूर्ण हो चुका है। विगत 31 दिनों में महाराजबंध तालाब से 72 ट्रक कचरा बाहर निकाला गया, जिससे तालाब की स्वच्छता, सौंदर्य और पर्यावरणीय संतुलन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।

यह अभियान केवल सफाई तक सीमित न रहकर महाराजबंध तालाब के संरक्षण, पुनर्जीवन और दीर्घकालीन देखरेख को लक्ष्य बनाकर एक सशक्त जनआंदोलन के रूप में सामने आया है, जो आगे भी प्रेरणा देता रहेगा।

अभियान के दौरान तालाब से धार्मिक झांकियों के अवशेष, घाटों पर वर्षों से जमी गंदगी, सिंगल यूज प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाई गई। घाटों की विशेष सफाई कर उन्हें पुनः उपयोग योग्य स्वरूप प्रदान किया गया। इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता रही महिला सशक्तिकरण की प्रभावी भागीदारी। बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिक, युवा एवं सामाजिक संगठनों ने स्वेच्छा से श्रमदान कर अभियान को जन-जन से जोड़ा। स्वयंसेवकों के समर्पण, अनुशासन और निरंतर सहभागिता की सभी स्तरों पर सराहना हो रही है। इस जनहितकारी पहल को सफल बनाने में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। मीडिया के निरंतर सहयोग से आमजन में तालाब संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और सामाजिक उत्तरदायित्व को लेकर जागरूकता बढ़ी है।

कल 11 जनवरी को महाराजबंध तालाब सफाई अभियान का औपचारिक समापन किया जाएगा। समापन अवसर पर तालाब की सतत सुरक्षा और देखरेख हेतु “महाराजबंध संरक्षण समिति” का गठन किया जाएगा, जिससे भविष्य में तालाब को स्वच्छ और संरक्षित बनाए रखने की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। समापन कार्यक्रम के अंतर्गत वायु शुद्धिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 1008 लोगों द्वारा 1008 अग्निहोत्र का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम ग्रीन आर्मी एवं माधव आश्रम भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। कार्यक्रम की शुरुआत कल शाम 4 बजे होगी, वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस 4:30 बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें अभियान की उपलब्धियों, अनुभवों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी साझा की जाएगी।




Next Story
null