
x
छग
Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक टाटा आईसर ट्रक से 632.380 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे, तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की जप्ती की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार गुप्ता (42) निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
लावाकेरा बैरियर पर संदिग्ध ट्रक को रोका
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देश पर रेंज के सभी जिलों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जशपुर पुलिस ने भी उड़ीसा सीमा से जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों की निगरानी बढ़ाई है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। 4 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया। पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी शुरू की तो ऊपर की ओर खाली बोतलों से भरी बोरियां रखी मिलीं। पहली नजर में ट्रक में सामान्य सामान लदा हुआ दिखाई दे रहा था।
खाली बोतलों के नीचे छिपा था गांजा
पुलिस को ट्रक की व्यवस्था संदिग्ध लगी। इसके बाद टीम ने ऊपर रखी बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की। तलाशी के दौरान पुलिस को टेप से लिपटे हुए कई पैकेट मिले। इन पैकेटों को खोलकर देखा गया तो उनमें गांजा बरामद हुआ। गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने ट्रक की विस्तृत जांच की। इस दौरान कुल 20 बोरियों में 597 पैकेट मिले। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 632 किलो 380 ग्राम निकली। पुलिस ने ट्रक में मौजूद संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की है।
3.41 करोड़ रुपये की जप्ती
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलो गांजा, तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये और दोनों मोबाइल फोन की कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है। नकदी सहित कुल जप्ती का मूल्य 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये बताया गया है। मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तस्करी नेटवर्क की कड़ी तलाश रही पुलिस
पुलिस अब केवल गांजे की बरामदगी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखना चाहती। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उड़ीसा में कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। इसके अलावा तस्करी के पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
जशपुर पुलिस ने लावाकेरा क्षेत्र में महज दो दिन के भीतर गांजा तस्करी के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। इससे पहले 2 अक्टूबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.630 किलो गांजा बरामद किया था। उस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों से उड़ीसा सीमा से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच और मुखबिर तंत्र को और मजबूत किया गया है।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
गांजा बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान सहित पुलिस टीम और एंटी नारकोटिक्स टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, प्रेम सिंह तथा आरक्षक नंदलाल यादव, अविनाश सोनी, रोशन पैंकरा, बलराम पैंकरा, कृष्णा राम, शिवशंकर राम और विनोद तिर्की सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि लावाकेरा बैरियर पर पुलिस की सतर्कता और बेहतर समन्वय से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे गांजा छिपाया था, लेकिन जांच के दौरान यह प्रयास सफल नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि मामले में पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को नगद पारितोषिक से पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





