छत्तीसगढ़

इरकभट्टी के 55 परिवारों को हर घर नल कनेक्शन के माध्यम से मिल रहा शुद्ध पेयजल

Nil dhankar
30 Jun 2025 5:18 PM IST
इरकभट्टी के 55 परिवारों को हर घर नल कनेक्शन के माध्यम से मिल रहा शुद्ध पेयजल
x

नारायणपुर। नियद नेल्लानार योजना प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शुरू की गई एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य राज्य के पिछड़े और दूरदराज के इलाकों में बसे ग्रामीण और आदिवासी समुदायों के जीवन स्तर को सुधारना है।

योजना का मुख्य फोकस इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर है। इसका क्रियान्वयन विशेष रूप से वनांचल क्षेत्रों में किया जा रहा है, जहां विकास की गति अपेक्षाकृत धीमी रही है। इसी के तहत् नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में स्थित अति संवेदनशील क्षेत्र ग्राम इरकभट्टी, जो घने जंगलों और दुर्गम रास्तों से घिरा हुआ है, अब विकास की नई कहानी लिख रहा है। नियद नेलानार योजना के तहत् इस गांव को मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित करने का कार्य किया जा रहा है। भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत यहां की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान किया गया है। गांव में 3 हजार 850 मीटर पाइपलाइन बिछाई गई है, साथ ही 10 हजार 000 लीटर क्षमता वाले 9 मीटर ऊंचे स्टेजिंग पर आधारित 4 सोलर जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इनसे अब गांव के 55 परिवारों को हर घर नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

इससे पहले गांव में मात्र 5 हैंडपंप थे, जो पारा मोहल्लों की जरूरतों को पूरा नहीं कर पाते थे। जल की कमी से खासकर महिलाओं को कई किलोमीटर दूर से पानी लाने की कठिनाई झेलनी पड़ती थी। अब जल जीवन मिशन के माध्यम से न केवल गांव की तस्वीर बदली है, बल्कि महिलाओं का जीवन भी सहज और सम्मानजनक बना है। यह योजना इराकभटी जैसे दूरस्थ गांवों में खुशहाली और स्वास्थ्य की नई रोशनी लेकर आई है।

Next Story
null