छत्तीसगढ़

जशपुर में 520 किलो गांजा जब्त, महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

Shantanu Roy
27 Aug 2026 7:52 PM IST
जशपुर में 520 किलो गांजा जब्त, महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार
x
छग
Jashpur. जशपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 520 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई गई है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 3 करोड़ रुपये की जप्ती की है। कार्रवाई में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

कुनकुरी में दो कार्रवाई, 494 किलो गांजा बरामद
कुनकुरी थाना पुलिस 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की सोल्ड बोलेरो पिकअप की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस टीम ने थाना के सामने वाहन को घेराबंदी कर रोक लिया। वाहन की तलाशी के दौरान सब्जी की ट्रे के नीचे छिपाकर रखी छह बोरियां मिलीं। बोरियों की जांच करने पर पीले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 120 पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में करीब 246 किलो गांजा पाया गया। वाहन में सवार दो आरोपियों की पहचान अनवर अंसारी, उम्र 45 वर्ष, निवासी नेकरा, थाना अंगडे, जिला रोहतास, बिहार और दिनेश कुमार केसरी, उम्र 26 वर्ष, निवासी दादर, थाना मोहनिया, जिला कैमूर, बिहार के रूप में हुई। आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

सेल्टोस कार से 248 किलो गांजा मिला
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को एक बिना नंबर की सोल्ड सेल्टोस कार तेज गति से गुजरती दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक सालियाटोली के पास कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो 20 बैगों में रखे 120 पैकेट मिले। इनमें करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन और गांजे को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है। इस तरह अकेले कुनकुरी क्षेत्र में कुल 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए गए।

नारायणपुर में कार से 26 किलो गांजा जब्त
इधर, नारायणपुर थाना पुलिस को 27 अगस्त को करीब 11:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP-33C-5625 में गांजे का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नारायणपुर चौक पर घेराबंदी कर कार को रोका और तलाशी ली। कार की डिक्की में छिपाकर रखे 17 पैकेट बरामद हुए, जिनमें करीब 26 किलो गांजा मिला। पुलिस ने कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान कमल किशोर ओझा, उम्र 56 वर्ष, निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश और अनिता सोनी, उम्र 35 वर्ष, निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक तस्करी की जांच
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से गांजा उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उड़ीसा में कहां से लिया गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस सप्लायर और गांजा प्राप्त करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश के साथ ही तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह और डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई। कुनकुरी थाना पुलिस और नारायणपुर थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story