
रायगढ़। जिले में नया साल शुरू होते ही हादसों का दौर भी शुरू हो चुका है। जिले में पिछले 3 दिनों में 5 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई है। वहीं राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह भी जारी है और यातायात पुलिस लोगों को सड़क सुरक्षा के लिए जागरूक कर रही है। इसके बाद भी लगातार हादसे हो रहे हैं।पहली घटना 1 जनवरी की है। जहां कांशीराम चौक का रहने वाला संजय कुमार कुर्मी और लोईंग निवासी केशव मेहर सुबह साढ़े 10 बजे किसी काम से बाइक पर सवार होकर ढिमरापुर चौक की ओर से खर्राघाट जा रहे थे।
इस दौरान केशव पीछे बैठा हुआ था, तभी फायर बिग्रेड कार्यालय के सामने ट्रक के चालक ने ठोकर मार दिया। इससे केशव बाइक से गिरकर ट्रक के चक्के के नीचे आ गया, उसके कमर के ऊपर से पहिया गुजरा। मौके पर ही केशव ने दम तोड़ दिया। इस घटना को लेकर क्षेत्र के आक्रोशित लोगों ने मौके पर चक्काजाम भी कर दिया था। दूसरी घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है। जहां शनिवार (3 जनवरी) को ग्राम तोलमा का रहने वाला डोमिनिक टोप्पो (30 साल) और उसका साथी संजय मिंज (32 साल) बाइक में सवार होकर लैलूंगा से अपने घर जा रहे थे। तभी ग्राम बीरसिंघा के पास हाईवा से साइड लेते हुए उससे आगे बढ़ रहा था। तभी हाईवा का चालक तेज रफ्तार वाहन को चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। इससे दोनों गिर गए और हाईवा वाहन का दाहिने तरफ का चक्का उनके सिर पर चढ़ गया। इससे मौके पर संजय व डोमोनिक की मौत हो गई।
तीसरी घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के उर्दना तिराहा की है। भेलवाटिकरा निवासी जीवन बरेठ (28 साल) गाड़ी चलाने का काम करता है। शुक्रवार (2 जनवरी) रात करीब डेढ़ बजे जीवन अपने परिजनों को किसी से आने की बात कह कर बाइक पर सवार होकर निकला। तभी उर्दना तिराहा के पास अज्ञात वाहन के चालक ने उसे जबरदस्त ठोकर मार दिया। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजवाया।





