छत्तीसगढ़
बलौदाबाजार में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज
Shantanu Roy
4 Oct 2026 6:36 PM IST

x
छग
Baloda Bazar. बलौदाबाजार। बलौदाबाजार स्थित पं. चक्रपाणि शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में शनिवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में खेल एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने उद्घाटन समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खेल को जीवन का जरूरी हिस्सा बनाने की अपील
उद्घाटन समारोह में मौजूद सैकड़ों खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने खेल के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों से कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर और मजबूत मानसिकता के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जिस दिन हर बच्चा यह तय कर लेगा कि उसके जीवन में खेलना जरूरी है, उस दिन वह जीवन में किसी न किसी रूप में जरूर सफलता हासिल करेगा। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल के मैदान में भी समय देने की सलाह दी। सांसद ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबों के साथ खेल भी जरूरी है।
मैदान बचाने और नए मैदान बनाने पर जोर
बृजमोहन अग्रवाल ने बच्चों के खेलने के लिए लगातार कम होते स्थानों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कोचिंग, ट्यूशन और पढ़ाई के बढ़ते दबाव के कारण बच्चों का खेलों से जुड़ाव कम हो रहा है। ऐसे में स्कूलों और गांवों में पर्याप्त खेल मैदान उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने मंच से जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि जिले के स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों के खेल मैदानों का डीएमएफ सहित अन्य मदों से समतलीकरण कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि स्कूलों के खेल मैदानों में जरूरत से ज्यादा पेवर ब्लॉक या कंक्रीट का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। उन्होंने कम से कम 10 हजार वर्गफीट से अधिक क्षेत्र में मिट्टी के मैदान सुरक्षित रखने पर जोर दिया, ताकि बच्चे सुरक्षित तरीके से खेल सकें और उन्हें पर्याप्त जगह मिल सके।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों का किया उल्लेख
पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल को याद करते हुए सांसद ने कहा कि करीब 15 साल पहले प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में कई बच्चे बिना जूते-मोजे या चप्पल के हिस्सा लेने पहुंचते थे। आज खिलाड़ियों को रंग-बिरंगी जर्सी और बेहतर खेल किट में पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरते देखकर खुशी होती है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में 248 प्रतिभावान खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर सीधी सरकारी नौकरी दी गई थी। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में खिलाड़ियों को बोनस अंक देने की शुरुआत भी की गई थी। उन्होंने छत्तीसगढ़ की बेटी और वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव सहित भारतीय महिला क्रिकेट और हॉकी टीमों की उपलब्धियों का उदाहरण देते हुए खिलाड़ियों को देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
खिलाड़ियों की सुविधाओं का रखा जाएगा ध्यान
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि दूर-दराज से आने वाले बाल खिलाड़ियों को भोजन, आवास और परिवहन से संबंधित किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों से खिलाड़ियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा।
पांच संभागों के 480 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा से कुल 480 बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रत्येक जोन से 48 बालक और 48 बालिकाएं प्रतियोगिता में शामिल हैं। खिलाड़ी कुराश, रग्बी और नेटबॉल जैसी खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों के साथ 50 से अधिक कोच, पीटीआई और रेफरी भी प्रतियोगिता में पहुंचे हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा गोलू जायसवाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी, खिलाड़ी, कोच और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी व नागरिक मौजूद रहे।
Next Story





