छत्तीसगढ़

मेडिकल बोर्ड और दिव्यांग शिविर में 23 हुए दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए चिन्हांकित

Shantanu Roy
30 Oct 2025 12:10 AM IST
मेडिकल बोर्ड और दिव्यांग शिविर में 23 हुए दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए चिन्हांकित
x
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में प्रत्येक बुधवार को मेडिकल बोर्ड एवं दिव्यांग शिविर का नियमित आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जिले के दिव्यांगजन और आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं और प्रमाणपत्र की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। बुधवार को आयोजित शिविर में कुल 23 दिव्यांग व्यक्तियों का चिन्हांकन किया गया। इन सभी का आवश्यक परीक्षण कर दिव्यांग प्रमाणपत्र हेतु रिपोर्ट तैयार की गई। वहीं, शिविर के दौरान 9 मरीजों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, जिनमें रक्तचाप, दृष्टि, शुगर स्तर और अन्य जांच शामिल थीं।

जिला चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मेडिकल बोर्ड शिविर में दिव्यांगजन को प्रमाणपत्र बनाने, नवीनीकरण कराने और स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं दी जाती हैं। इस शिविर में विभिन्न विभागों के चिकित्सक, विशेषज्ञ और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहते हैं। शिविर में आए मरीजों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति दिव्यांग प्रमाणपत्र या स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे। इसी लक्ष्य के तहत हर बुधवार को यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।

शिविर में आने वाले लोगों को प्राथमिक चिकित्सा, फिजियोथेरेपी और परामर्श की भी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्थानीय नागरिकों और दिव्यांगजन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर से उन्हें काफी सुविधा मिल रही है, क्योंकि पहले उन्हें प्रमाणपत्र बनवाने के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था। अब जिला अस्पताल में ही सारी प्रक्रिया पूरी हो जाती है। अधिकारियों ने बताया कि आगामी शिविरों में और अधिक दिव्यांगजन एवं मरीजों को लाभान्वित करने की योजना है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के विस्तार की तैयारी की जा रही है ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
Next Story