
x
छग
Korba. कोरबा। जिले की SECL दीपका खदान में डीजल चोरी के मामले में पुलिस और CISF की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 200 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल कैंपर वाहन क्रमांक CG 04 OD 1798 जब्त किया गया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। आरोप है कि डोजर के टैंक से पाइप के जरिए डीजल निकालकर उसे बेचने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक रात करीब 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दीपका खदान क्षेत्र में एक कैंपर वाहन के डाले में डीजल से भरा ड्रम रखा हुआ है। कुछ लोग कथित तौर पर चोरी का डीजल बेचने की तैयारी कर रहे थे। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और CISF की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देने की योजना बनाई।
प्रशिक्षु आईपीएस किशन कुमार निर्मलकर के मार्गदर्शन में दीपका थाने के प्रधान आरक्षक अंकित कुमार पांडेय, धर्मेंद्र जगत और जयराम के साथ CISF की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने संदिग्ध कैंपर की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार वाहन में चार लोग मौजूद थे। पुलिस और CISF की टीम को देखते ही दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले, जबकि दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय बुधमान बिंझवार निवासी दादरपारा, थाना कुसमुंडा और 28 वर्षीय नवधा पटेल निवासी चेतमा, थाना पाली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो डीजल चोरी से जुड़ी जानकारी सामने आने का दावा किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने निजी कंपनी में काम करने वाले इंजीनियर नवीन साहू और वेल्डर चुनामणी कश्यप के साथ मिलकर डीजल चोरी करने की बात बताई। आरोप है कि चारों ने एलके-1 क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक 905 को निशाना बनाया। डोजर के डीजल टैंक से पाइप के जरिए करीब 200 लीटर डीजल निकाला गया। चोरी किए गए डीजल को टीन के ड्रम में भरकर डोजर सेक्शन में छिपाकर रखा गया था। आरोप है कि बाद में इस डीजल को कैंपर वाहन के माध्यम से ले जाकर ट्रक चालकों को बेचने की तैयारी थी। इसी बीच पुलिस और CISF की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर दी।
टीम ने मौके से करीब 200 लीटर डीजल और कैंपर वाहन क्रमांक CG 04 OD 1798 जब्त किया है। दीपका थाने में मामले को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले में नवीन साहू और चुनामणी कश्यप को फरार बताया गया है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की संभावना है। SECL दीपका और गेवरा खदान क्षेत्र में डीजल चोरी की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस और CISF की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद खदान क्षेत्र में डीजल चोरी करने वालों पर शिकंजा कसने की कोशिश की गई है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Next Story





