छत्तीसगढ़
लव ट्रायंगल में 16 साल के किशोर की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में खोला राज
Shantanu Roy
16 Sept 2026 4:08 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले के रामभांठा क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद किशोर के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की गई थी। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
खाली प्लॉट में मिला था किशोर का शव
जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रामभांठा क्षेत्र के पुराने बस डिपो के पास संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान उसके पिता ने अपने 16 वर्षीय बेटे के रूप में की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोर 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
सिर पर चोट के निशान मिले
पुलिस जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आखिरी बार साथ दिखे युवकों से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने जांच तेज की। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि किशोर को घटना से पहले कुछ युवकों के साथ देखा गया था। इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में बैकुंठपुर निवासी शिवम बरेठ (20 वर्ष) और शिवम बानी (23 वर्ष) की भूमिका सामने आई।
विवाद के बाद हत्या करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि मामला कथित तौर पर एक लड़की को लेकर हुए विवाद से जुड़ा था। आरोप है कि आरोपी शिवम बानी उक्त लड़की से एकतरफा लगाव रखता था, जबकि किशोर का उससे मिलना-जुलना था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, चक्रधर समारोह के दौरान किशोर को बुलाया गया। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसका मोबाइल अपने पास रख लिया और 1000 रुपये की मांग की। बाद में दोनों किशोर को पुराने बस डिपो की ओर ले गए, जहां विवाद बढ़ने के बाद पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बरामद किए सबूत
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन भी कराया, जिससे घटना की कड़ियों को जोड़ने में मदद मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बरेठ के खिलाफ पहले भी मारपीट से जुड़े मामले दर्ज हैं।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने दोनों आरोपियों शिवम बरेठ और शिवम बानी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेने और हिंसा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में त्वरित जांच, साक्ष्य जुटाना और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी अमित तिवारी सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story





