छत्तीसगढ़
राष्ट्रपति भवन में सम्मानित हुए रायगढ़ के 13 शिल्पकार, एकताल की झारा बेलमेटल कला को मिला राष्ट्रीय गौरव
Shantanu Roy
19 Nov 2026 2:56 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। रायगढ़ जिले की पारंपरिक एकताल झारा बेलमेटल शिल्पकला ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थान राष्ट्रपति भवन में अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराई। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में ग्राम एकताल के 13 शिल्पकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिल्पकारों से भेंट कर उनकी पारंपरिक कला, कलाकृतियों के निर्माण की बारीकियों और शिल्प से जुड़े अनुभवों के बारे में जानकारी ली। शिल्पकारों ने भी अपनी कला की विशेषताओं और पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा को आगे बढ़ाने के प्रयासों को राष्ट्रपति के समक्ष साझा किया।
राष्ट्रपति भवन में मिला यह सम्मान रायगढ़ जिले की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड, रायगढ़ के सहायक प्रबंधक आर.आर. भगत के नेतृत्व में पांच महिला और आठ पुरुष शिल्पकारों का दल 13 नवंबर की शाम बस से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। 16 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से उनकी मुलाकात हुई। इस दौरान शिल्पकारों ने एकताल की प्रसिद्ध झारा बेलमेटल कला की पारंपरिक निर्माण तकनीक, धातु को आकार देने की प्रक्रिया और कलाकृतियों की विशिष्टताओं के बारे में विस्तार से बताया। राष्ट्रपति ने उनके अनुभवों को जाना और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक शिल्प विधाओं की सराहना की।
‘एट होम’ कार्यक्रम के लिए भी चयनित हुई थी एकताल की कला
रायगढ़ जिले का ग्राम एकताल अपनी विशिष्ट झारा बेलमेटल शिल्पकला के लिए जाना जाता है। यहां के शिल्पकार पारंपरिक तकनीक से धातु की आकर्षक और कलात्मक आकृतियां तैयार करते हैं। इसी विशिष्टता के चलते एकताल की बेलमेटल शिल्पकला का राष्ट्रपति भवन के विशेष ‘एट होम’ कार्यक्रम के लिए चयन किया गया था। इससे पहले 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए नई दिल्ली में तैयार किए गए निमंत्रण बॉक्स में भी ग्राम एकताल के शिल्पकारों की कलाकृतियों को स्थान मिला था। यहां के शिल्पकारों को उनकी उत्कृष्ट कला के लिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
पीढ़ियों से संजोई कला को मिला राष्ट्रीय मंच
एकताल की झारा बेलमेटल शिल्पकला केवल कलात्मक अभिव्यक्ति ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की पारंपरिक विरासत और शिल्पकार परिवारों की पीढ़ियों की साधना का भी प्रतीक है। पारंपरिक विधियों से तैयार की जाने वाली इन कलाकृतियों में स्थानीय संस्कृति और शिल्प कौशल की झलक दिखाई देती है। राष्ट्रपति भवन में शिल्पकारों को मिला सम्मान इस विरासत को व्यापक पहचान देने के साथ नई पीढ़ी को इस कला से जुड़ने के लिए प्रेरित करने वाला अवसर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले शिल्पकारों में धनीराम झारा, भीम झारा, रघु झारा, राज झारा, ममता झारा, पूजा झारा, केशव झारा, रमोला झारा, पंकजीनी झारा, प्रदीप झारा, त्रिनाथ झारा, पिंकी झारा तथा अभिमन्यु झारा शामिल रहे।
Next Story





