छत्तीसगढ़
रेलवे स्टेशन पर 12.95 किलो गांजा जब्त, जबलपुर जाने की फिराक में आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
4 Oct 2026 3:42 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए GRP ने 12 किलो 950 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 47 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजे की खेप लेकर नर्मदा एक्सप्रेस से मध्यप्रदेश के जबलपुर जाने की तैयारी में था, लेकिन ट्रेन आने से पहले ही GRP की टीम ने उसे पकड़ लिया।
GRP थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद यादव, SI विश्वनाथ चक्रवर्ती और उनकी टीम को शनिवार सुबह करीब 11 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना मिली थी। बताया गया कि संदिग्ध प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 के आसपास दो बैग लेकर घूम रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध नजर आने के बाद इसकी जानकारी GRP को दी गई।
पुलिस के अनुसार नर्मदा एक्सप्रेस के लेट होने के कारण संदिग्ध काफी देर से प्लेटफॉर्म पर मौजूद था और बेचैनी में इधर-उधर टहल रहा था। सूचना मिलते ही GRP की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों को देखकर संदिग्ध ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम दीपक गुप्ता (33) बताया। वह वार्ड नंबर 45, गली नंबर 06, रघुराजनगर टिकुरियाटोला, थाना कोलगांवां, जिला सतना, मध्यप्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास मौजूद दोनों बैगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैगों से कुल 12 किलो 950 ग्राम गांजा बरामद किया गया। GRP के अनुसार बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 6 लाख 47 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
GRP अब इस मामले में गांजे की सप्लाई करने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद यादव के मुताबिक आरोपी को गांजे से भरा बैग देने वाले व्यक्ति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उसके मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान और ठिकाने का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे जबलपुर में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
GRP का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल गांजा ले जा रहे आरोपी को गिरफ्तार करना नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय पूरी सप्लाई चेन का पता लगाकर उसे तोड़ना है। जांच में आरोपी के संपर्कों और मोबाइल से मिलने वाली जानकारियों को भी खंगाला जा रहा है। इससे मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
पुलिस के अनुसार ट्रेनों के माध्यम से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच गांजा पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय तस्करों की गतिविधियां पहले भी सामने आती रही हैं। इसी को देखते हुए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्ध यात्रियों तथा सामान की जांच की जा रही है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर भी हाल के दिनों में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक दीपक गुप्ता नर्मदा एक्सप्रेस से जबलपुर जाने के लिए स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। GRP ने कार्रवाई की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की मांग की गई। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
Next Story





