छत्तीसगढ़
जनसहभागिता से आयोजित होंगे 12 प्रमुख कार्यक्रम, कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक
Shantanu Roy
7 Sept 2026 5:46 PM IST

x
छग
Baloda Bazar. बलौदाबाजार। जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने, 'विकसित भारत 2047' का सामूहिक संकल्प लेने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बलौदाबाजार जिले में 17 सितंबर से एक माह का 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू होने जा रहा है। 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में जनप्रतिनिधियों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी रहेगी। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सोमवार को अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर अभियान की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान के सुचारू संचालन के लिए जिला पंचायत सीईओ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर श्री शर्मा ने अभियान अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए संबधित जिला अधिकारियों को बेहतर कार्यक्रम आयोजित करने हेतु तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान अतिमहत्वपूर्ण अभियान हैं,सभी अधिकारी इसकी गंभीरता को देखते हुए सक्रियता से कार्य करें,सभी कार्यक्रम मे व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित हो।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि इस अभियान के किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारियों को तय कार्यक्रम अनुसार स्थल चिहांकन एवं आवश्यक तैयारी तेजी से प्रारम्भ करने के निर्देश दिये। अभियान के दौरान आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम- 17 सितम्बर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से अभियान का शुभारंभ, घर-घर और जिला स्तर पर सामूहिक दीप प्रज्वलन व हितग्राहियों के सम्मान के साथ होगा। 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों और कॉलेजों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर नमो सेवा गाथा जिसमें नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनजागरूकता प्रसार होग़ा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन का उत्सव कार्यक्रम मे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान और मातृ वंदन कार्यक्रम। 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा अंतर्गत गांव,विकासखंड एवं जिला मुख्यालय मे कलश यात्रा का आयोजन होगा। इसके साथ ही विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प और सेवा सेतु अभियान के तहत सभी विकासखंडों में विशेष शिविर। संपूर्ण माह 'कहानी बदलाव की' के तहत योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। साथ ही 'सेवा मेरा योगदान', 'रंगोली राष्ट्र' और 'राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज' आयोजित होंगे।अभियान का भव्य समापन 17 अक्टूबर को 'जन सेवक महाकुंभ' के आयोजन के साथ होगा। बैठक मे सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सीमा ठाकुर, एसडीएम अरविन्द कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
Next Story





