छत्तीसगढ़

बीएसपी कर्मी के बैंक खाते से 1 लाख पार, अज्ञात कॉलर पर केस दर्ज

Nilmani Pal
9 Feb 2023 3:50 AM GMT
बीएसपी कर्मी के बैंक खाते से 1 लाख पार, अज्ञात कॉलर पर केस दर्ज
x
छग
दुर्ग। भिलाई नगर पुलिस ने सेक्टर 5 इलाके में रहने वाले बीएसपी कर्मी राजू सोनी की शिकायत पर अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धारा 420 के तहत केस दर्ज किया है। प्रार्थी ने बताया कि घटना 26 दिसंबर 2022 को रात पौने 9 बजे की है। उसके पास अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया था। फोन करने वाले ने खुद को उसका दोस्त प्रकाश बताया। इसके बाद ठग ने ऑनलाइन पेमेंट गेट वे का उपयोग करने की जानकारी मांगी। उसे बताया कि वह गुगल पे ऑपरेट करता है।

इस पर ठग ने उसे कहा कि उसे किसी से 20 हजार रुपए लेना है। लेन-देन के ट्रांजेक्शन के लिए ठग ने पहले उससे 123 रुपए अपने मोबाइल नंबर पर ट्रांजेक्शन करने के लिए कहा। पहली बार में ट्रांजेक्शन फेल हो गया।दोबारा ट्रांजेक्शन करने पर उसके खाते से 99 हजार रुपए निकल जाने का मैसेज आया। ठग ने अगले दिन पैसा लौटाने का झांसा दिया। ठग ने पैसा लौटाने के लिए दोबारा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करने के लिए बोला था।

जब उसे पैसा कैश में लौटाने के लिए बोला गया तो उसने मना कर दिया। इसके बाद उसने अपने दोस्त प्रकाश को फोन करके पूरी जानकारी दी। दोस्त ने उसे बताया कि उसने लेनदेन के लिए कोई कॉल नहीं किया था। जिसके बाद बीएसपी कर्मी को ठगी का पता चला और उसने पुलिस को शिकायत की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Next Story