बिहार

Rajgir Malmas मेला कैसे हुआ संपन्न, जानकर रह जाएंगे हैरान

Saba Naaz
15 Jun 2026 8:47 PM IST
Rajgir Malmas मेला कैसे हुआ संपन्न, जानकर रह जाएंगे हैरान
x

Bihar:धर्मध्वज अवतरण के साथ संपन्न हुआ राजगीर मलमास मेला, 3 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी | राजगीर में एक माह तक चले मलमास मेला-2026 का समापन सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मध्वज अवतरण के साथ विधिवत रूप से संपन्न हो गया। वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखनाद और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच हुई इस पूर्णाहुति ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक माहौल में समेट दिया। मेले के अंतिम दिन ब्रह्मकुंड और सप्तधारा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश-विदेश से आए करीब तीन करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही स्नान और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया था, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु सहित विभिन्न देवी-देवताओं की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

समापन अवसर पर ब्रह्मकुंड क्षेत्र स्थित धर्मध्वज स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रों के बीच धर्मध्वज को विधिवत अवतरित कर सुरक्षित स्थान पर रखा गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार धर्मध्वज के दर्शन और स्पर्श से विशेष पुण्य प्राप्त होता है, जिससे श्रद्धालुओं में इसे देखने और छूने की होड़ लगी रही। मेले के दौरान एक माह तक देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से श्रद्धालु राजगीर पहुंचे। आयोजन समिति के अनुसार भीषण गर्मी और भारी भीड़ के बावजूद मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। मेले के अंतिम दिन तकनीकी कारणों से ब्रह्मकुंड के निकास मार्ग पर स्नान कुछ देर के लिए रोकना पड़ा, लेकिन प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य कर दी गई। पंडा कमेटी और प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी विभागों, स्वयंसेवकों, स्थानीय नागरिकों और मीडिया के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजगीर मलमास मेला सनातन परंपरा और आस्था का अद्भुत संगम है, जिसने लाखों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव प्रदान किया।

Next Story