बिहार

Bihar:556 करोड़ रुपये जारी, वेतन प्रक्रिया में बदलाव

Saba Naaz
15 Jun 2026 7:22 PM IST
Bihar:556 करोड़ रुपये जारी, वेतन प्रक्रिया में बदलाव
x

Bihar:बिहार में सरकारी शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ा बदलाव किया है। अब जून महीने का वेतन केवल बायोमेट्रिक हाजिरी के आधार पर ही जारी किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य सरकार ने प्रारंभिक स्कूलों में कार्यरत नियोजित शिक्षकों के वेतन भुगतान के लिए 556 करोड़ 29 लाख 35 हजार 400 रुपए की राशि जारी कर दी है।

डिजिटल हाजिरी अनिवार्य नए नियम के अनुसार सभी सरकारी स्कूलों के हेडमास्टर, शिक्षक और कार्यालय कर्मचारियों को इ-शिक्षाकोष ऐप और बीबीएएस (BBAS) सिस्टम के जरिए बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करनी होगी। हर महीने वेतन जारी करने से पहले इस हाजिरी का मिलान किया जाएगा। जिन स्कूलों में बायोमेट्रिक मशीनें खराब हैं या उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।

सख्त निगरानी के निर्देश शिक्षा विभाग ने साफ कहा है कि जून से बिना डिजिटल हाजिरी के वेतन जारी नहीं होगा। जिलों के डीएम ने भी इस व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। सभी कार्यालय प्रभारियों को हाजिरी का प्रिंट आउट और प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होगा।

556 करोड़ की पहली किस्त जारी शिक्षा विभाग के अनुसार यह राशि वर्ष 2026-27 के बजट का हिस्सा है, जिसका कुल प्रावधान 1685 करोड़ 73 लाख 80 हजार रुपए है। यह पहली किस्त है, जिसे नियोजित शिक्षकों के वेतन भुगतान के लिए जारी किया गया है।

जिलावार आवंटन इसमें पश्चिम चंपारण को 27.55 करोड़ रुपये, दरभंगा को 23.19 करोड़ रुपये, पटना को 21.99 करोड़ रुपये और मुजफ्फरपुर को 18.08 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। अन्य जिलों को भी करोड़ों रुपये की राशि दी गई है।

शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे समय पर वेतन वितरण सुनिश्चित करें, अन्यथा गड़बड़ी की जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। पूरा भुगतान सीएफएमएस सिस्टम के जरिए किया जाएगा और इस राशि का उपयोग केवल वेतन के लिए ही किया जाएगा।

Next Story