Duronto Express में महिला यात्री का पर्स चोरी, लाखों के गहने गायब

Gaya , गया/नई दिल्ली। गया से दिल्ली जा रही 12281 दुरंतो एक्सप्रेस में एक महिला यात्री का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना रात करीब 1:30 बजे ट्रेन के एस-6 कोच में हुई। पर्स में परिवार के लिए रखे गए करीब 4 से 5 लाख रुपये मूल्य के गहने मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनका पर्स गायब कर दिया। परिवार का कहना है कि चोरी हुए गहने उनके बेटे गोपाल की पढ़ाई और पारिवारिक जरूरतों के लिए सुरक्षित रखे गए थे। घटना के बाद पीड़ितों ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचना दी और शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, शिकायत दर्ज होने के कई घंटे बाद तक परिवार को चोरी हुए सामान के संबंध में कोई ठोस जानकारी या सुराग नहीं मिल सका।
पीड़ित परिवार ने रेल प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। वहीं, रेलवे सुरक्षा बल ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू करने की बात कही है। ट्रेन में लगे सीसीटीवी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। यात्रियों ने भी ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।





