बिहार

पूरे बिहार में सर्दी का सितम जारी, 13 जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया कोल्‍ड डे का अलर्ट

Renuka Sahu
18 Jan 2022 1:56 AM GMT
पूरे बिहार में सर्दी का सितम जारी, 13 जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया कोल्‍ड डे का अलर्ट
x

फाइल फोटो 

पूरे बिहार में सर्दी का सितम जारी है। पर्वतीय प्रदेश से आ रही उत्तरी पछुआ हवाओं से पटना सहित सूबे के अधिकतर जिलों में शीत दिवस की स्थिति हो गई है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। पूरे बिहार में सर्दी का सितम जारी है। पर्वतीय प्रदेश से आ रही उत्तरी पछुआ हवाओं से पटना सहित सूबे के अधिकतर जिलों में शीत दिवस की स्थिति हो गई है। 26 जिलों में पारा दस डिग्री से नीचे चला गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे आ गया है। मौसम की यह स्थिति अगले दो दिनों तक बने रहने के आसार हैं। पटना समेत 12 जिलों में मंगलवार के लिए कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकतर भाग में धूप न निकलने और पछुआ हवा का प्रभाव बढ़ने से भारी कनकनी की स्थिति है। सबसे ठंडा दिन गोपालगंज में जबकि सबसे ठंडी रात औरंगाबाद में रही। दरअसल, पूरे सूबे में सतह से 1.5 किमी ऊपर तक आठ से दस किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही उत्तरी पछुआ हवाओं से कनकनी बढ़ गई है। जिन बारह जिलों के लिए कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है उनमें पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, गोपालगंज, सीवान, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण शामिल हैं।
कुछ जिलों में 20-21 को बारिश के आसार
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सूबे में कुछ जगहों पर 20 और 21 जनवरी को बारिश के आसार हैं। पर्वतीय प्रदेशों में इसका असर 18 जनवरी से दिखने लगेगा। दो दिन बाद सूबे के मौसम पर इसका असर पड़ेगा। मौसमविदों के अनुसार बारिश को लेकर एक-दो दिनों में स्थिति और स्पष्ट होगी।
औरंगाबाद सूबे में सबसे ठंडा रहा
सूबे में औरंबागाद सबसे ठंडा रहा। औरंगाबाद में न्यूनतम 4.2 डिग्री की गिरावट आई है। यहां न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री पर आ गया है। गया में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे 7.3 डिग्री पर आ गया है। यहां पिछले 24 घंटों में 4.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दोनों जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात हैं।
26 जिलों में न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे
राज्य के 26 शहरों का न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे चला गया है। पिछले 24 घंटे में पटना में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री की गिरावट के साथ 8.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शेखपुरा में 4.1 डिग्री की गिरावट के साथ 7.2 डिग्री, बेगूसराय में 1.9 डिग्री गिरावट के साथ 8.5 डिग्री, पूसा में 1.6 डिग्री गिरकर 6.9 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
Next Story