बिहार

West Singhbhum: निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण का शुभारंभ

Admindelhi1
29 Jun 2025 5:59 PM IST
West Singhbhum: निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण का शुभारंभ
x

पश्चिम सिंहभूम: पश्चिम सिंहभूम जिला में भारी बारिश के बावजूद टाटा कॉलेज मैदान, चाईबासा में युवाओं के लिए रविवार को निःशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग कार्यक्रम का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया। यह पहल केएनटी चाईबासा केंद्र के पदाधिकारियों और सेवानिवृत्त बीएसएफ जवानों के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए तैयार करना है।

इस अवसर पर कार्यक्रम में केएनटी के संरक्षक ज्ञान सिंह दोराईबुरू, वरिष्ठ सलाहकार तुरी सुंडी, जयसिंह कुंटिया और विश्वजीत दोराईबुरू उपस्थित थे। ट्रेनिंग की कमान सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान अनाचक्र पुरती और उनकी टीम ने संभाली।

बारिश के बावजूद 11 युवाओं ने ट्रेनिंग में हिस्सा लिया, जिनमें 3 लड़कियां भी शामिल थीं। सभी प्रतिभागियों ने पंजीकरण कर लिया है और सोमवार सुबह 6:00 बजे से नियमित ट्रेनिंग शुरू होगी। इनमें से तीन युवकों ने हाल ही में उत्पाद सिपाही की फिजिकल परीक्षा पास की है और उन्हें अब लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए मार्गदर्शन भी दिया गया है।

केएनटी की यह पहल पे बैक टू सोसाइटी की भावना से प्रेरित है और भविष्य में यह संस्था शिक्षा, स्किल ट्रेनिंग, मोटिवेशनल क्लासेस और मॉक इंटरव्यू के क्षेत्र में भी कार्य करेगी। इससे पहले केएनटी के चक्रधरपुर और कुचाई केंद्र में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। चक्रधरपुर में दया सागर केराई और कुचाई में पूर्व सैनिक लखिन्द्र भूमिज और सिकंदर सोय द्वारा युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

केएनटी की कोर कमेटी, कार्यकारी समिति और शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से यह कार्यक्रम जनहित में प्रभावशाली साबित हो रहा है। चाईबासा और आसपास के युवाओं से अपील की गई है कि वे आगामी होमगार्ड, अग्निवीर और एसएससी (जीडी) जैसी भर्तियों की तैयारी के लिए इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाएं और हर दिन सुबह टाटा कॉलेज मैदान पहुंचें।

Next Story