बिहार

बिहार में अगले दो दिन मौसम बना रहेगा शुष्क, फिर पश्चिमी हवा से बारिश की आशंका, अलग-अलग हिस्सों में रहेगा घना कोहरा

Renuka Sahu
2 Feb 2022 2:10 AM GMT
बिहार में अगले दो दिन मौसम बना रहेगा शुष्क, फिर पश्चिमी हवा से बारिश की आशंका, अलग-अलग हिस्सों में रहेगा घना कोहरा
x

फाइल फोटो 

राजधानी पटना समेत राज्य भर में बीते 24 घंटे में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान अररिया में 6.9 डिग्री दर्ज किया गया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजधानी पटना समेत राज्य भर में बीते 24 घंटे में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान अररिया में 6.9 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के पांच जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री, पूर्णिया का 8.5 डिग्री, दरभंगा का 8.8 डिग्री, बाल्मीकि नगर का 9 डिग्री और छपरा का 9.4 डिग्री दर्ज किया गया।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। मौसमीय विश्लेषण से पता चलता है कि समुद्र तल के सतह से 1.5 किलोमीटर तक शुष्क पश्चिमी हवा का प्रभाव बना हुआ है। इस हवा के प्रभाव के फलस्वरूप अगले 48 घंटे तक मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।
राज्य भर के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष गिरावट नहीं होगी। पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के फलस्वरूप पश्चिमी बिहार और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा देखा जाएगा। कोहरे के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त होने की संभावना जताई जा रही है। बिहार के पश्चिमी हिस्से में सुबह के समय घना और मध्यम स्तर का कोहरा रहेगा।
मंगलवार की सुबह भी पटना के अलावा रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, गया समेत अन्य जिलों में घना कोहरा रहेगा। इस कारण गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लगी रही। गाड़ियां धीरे-धीरे चलीं तो सूबे में ठंडी हवाओं से शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार तीन दिन के बाद राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के चलते नमी युक्त हवाओं के बहने की संभावना है। नमी युक्त हवाओं से राज्य के तापमान में गिरावट के साथ साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
Next Story