बिहार

बिहार में बदला मौसम का मिजाज! आज इन जिलों में बारिश के आसार, चार जोड़ी विमान रद्द

Renuka Sahu
7 Jan 2022 5:51 AM GMT
बिहार में बदला मौसम का मिजाज! आज इन जिलों में बारिश के आसार, चार जोड़ी विमान रद्द
x

फाइल फोटो 

बिहार में लगातार बढ़ रही ठंड का जनजीवन पर असर पड़ा है। कुहासे व कम दृश्यता के कारण परिवहन सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार में लगातार बढ़ रही ठंड का जनजीवन पर असर पड़ा है। कुहासे व कम दृश्यता के कारण परिवहन सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। पटना की विमान सेवाएं लगातार तीसरे दिन भी प्रभावित रहीं। शाम आठ बजे तक चार जोड़ी विमान रद्द कर दिए गए, जबकि दर्जन भर विमानों ने देरी से उड़ान भरी।

कमजोर दृश्यता की वजह से पटना एयरपोर्ट पर पहला विमान आधे घंटे की देरी से गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे उतरा। विस्तारा की दिल्ली की उड़ानें, जबकि गो एयर की बेंगलुरु की उड़ान रद्द रहीं। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया विमान और लेट होते गए। गो एयर की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट भी रद्द रही। यात्री विमानों की लेटलतीफी और उनके रद्द होने से परेशान रहे।
छपरा रहा सबसे ज्यादा सर्द
गुरुवार को सूबे का औसत न्यूनतम पारा 10 से 12 और औसत अधिकतम पारा 18 से 20 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। दो दिन के बाद गुरुवार को पटना में धूप निकली पर धूप में उतनी तपिश नहीं थी। दिन में भी तामपान आंशिक रूप से ऊपर चढ़ा। कई जगहों पर शीतदिवस जैसी परिस्थितियां रहीं।
शाम होते-होते कुहासा छा गया। सर्द पछुआ हवा के चलने से कनकनी भी बढ़ी। गुरुवार को बिहार में छपरा सबसे ज्यादा सर्द रहा। यहां का न्यूनतम पारा 2 डिग्री गिरकर 8.6 डिग्री दर्ज किया गया। सहरसा दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम पारा 8. 7 डिग्री से. दर्ज किया गया।
सूबे के पश्चिमी भाग में आज बूंदाबांदी के आसार
बिहार के मौसम में एक बार फिर बदलाव के आसार हैं। सात जनवरी को बिहार के पश्चिमी भागों, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण और इससे सटे जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली सूचना के अनुसार 9 जनवरी को भी इन जिलों के अलावा गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, आरा, कैमूर व आसपास के जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
वहीं 10 जनवरी से पूरे बिहार में हल्की से मध्यम स्तर के बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 13 जनवरी के बाद ही मौसम के साफ होने के आसार जताए जा रहे हैं। दरअसल, मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावों की वजह से देखा जा रहा है। मौसमविदों के मुताबिक इस दौरान वायुमंडल में नमी की वजह से राज्य भर में सुबह में कुहासा छाया रहेगा।
सूबे के 24 शहरों का न्यूनतम पारा 10 से ऊपर
गुरुवार को पटना के न्यूनतम पारा में 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई और यह 12 डिग्री दर्ज किया गया। धूप निकलने की वजह से पटना का अधिकतम पारा 5.2 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चढ़ा। यहां अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कई दिनों बाद अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा।
गया का अधिकतम पारा एक डिग्री लुढ़क कर 20.5 डिग्री पर पहुंचा। भागलपुर के अधिकतम पारा में भी 5 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई, यहां पारा 21.1 डिग्री रहा। यहां का न्यूनतम पारा 11 डिग्री दर्ज किया गया। पूर्णिया का अधिकतम पारा 18 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री रहा। सबसे अधिक न्यूनतम पारा वाल्मिकीनगर में 14.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
Next Story