बिहार

बिहार में फिर बदला मौसम का मिजाज, लौटी कड़कड़ाती ठंड, आज और कल बारिश की आशंका

Renuka Sahu
3 Feb 2022 2:30 AM GMT
बिहार में फिर बदला मौसम का मिजाज, लौटी कड़कड़ाती ठंड, आज और कल बारिश की आशंका
x

फाइल फोटो 

राजधानी पटना में सुबह के समय कनकनी के कारण लोगों को ठंड से निजात नहीं मिली।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजधानी पटना में सुबह के समय कनकनी के कारण लोगों को ठंड से निजात नहीं मिली। सुबह से 11 बजे तक भगवान भास्कर का दर्शन नहीं हुए। सुबह में पटना के अलावा रोहतास, अरवल, जहानाबाद, गया, कैमूर, भोजपुर समेत अन्य जिलों में कोहरा रहा। हालांकि, दृश्यता का स्तर 100 मीटर से अधिक होने से गाड़ियों की रफ्तार पर असर नहीं पड़ा।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, विगत 24 घंटों के दौरान राजधानी समेत राज्य के सभी 38 जिलों में मौसम साफ बना रहा। सूबे में सबसे कम न्यूनतम तापमान बेगूसराय में दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान बांका में 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुरू
प्रदेश में पछुआ हवा का प्रभाव समुद्र तल की सतह से डेढ़ किमी ऊपर तक बना हुआ है। उधर, देश में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुरू हो रहा है। गुरुवार से बिहार में इसका प्रभाव दिखना शुरू होगा। इसके चलते उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य तथा दक्षिण मध्य के अधिकतर हिस्सों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। दक्षिण पश्चिम तथा दक्षिण पूर्व के कुछ इलाकों में भी बारिश के आसार हैं। चार फरवरी को जमुई, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार तथा बांका जिले के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। नालंदा, नवादा, लखीसराय, और बेगूसराय में भी गुरुवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।
17 जिलों में तापमान रहा 10 डिग्री से नीचे
पटना समेत 17 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। पछुआ हवा के प्रभाव के कारण न्यूनतम तामपान में गिरावट आई है। पटना का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस, गया में 9.7 डिग्री सेल्सियस, मुजफरपुर में 10 डिग्री सेल्सियस, छपरा में 8.9 डिग्री सेल्सियस, दरभंगा में 9 डिग्री सेल्सियस, मोतिहारी में 8.5 डिग्री सेल्सियस, शेखपुरा में 9 डिग्री सेल्सियस, गोपालगंज में 8 डिग्री सेल्सियस, अररिया में 8 डिग्री सेल्सियस, औरंगाबाद में 9.6 डिग्री सेल्सियस, बेगूसराय में 7.8 डिग्री सेल्सियस, खगड़िया में 9.1 डिग्री सेल्सियस, बांका में 8.2 डिग्री सेल्सियस, नालंदा में 8.4 डिग्री सेल्सियस, सिवान में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।


Next Story