
Bihar: गया जी जिले के गुरुआ प्रखंड स्थित जलपा गांव के निवासी विपिन कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) 70वीं परीक्षा में सफलता हासिल कर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) पद पर चयन पाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने इसे गर्व का क्षण बताया है।
विपिन कुमार एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता विजय कुमार सिंह दांगी किसान हैं, जबकि माता कमला देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विपिन ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह बड़ी सफलता प्राप्त की है। उनके बड़े भाई एलआईसी एजेंट के रूप में कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, विपिन कुमार पहले भी प्रशासनिक क्षेत्र में सेवाएं दे चुके हैं। वे बीएसएल बोकारो में एसडीओ के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। उनके अनुभव और तैयारी ने उन्हें इस बार बीपीएससी परीक्षा में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव जलपा और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। लोगों का कहना है कि विपिन ने यह साबित किया है कि कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है।
ऑल इंडिया दांगी क्षत्रिय संघ सहित कई सामाजिक संगठनों ने भी विपिन कुमार को उनकी सफलता पर बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
गांव में इस सफलता के बाद जश्न का माहौल है और लोग एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी मना रहे हैं। विपिन कुमार की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गई है।





