बिहार

Asian Championship के लिए चयनित हुए विभास्कर कुमार

Saba Naaz
6 July 2026 2:26 PM IST
Asian Championship के लिए चयनित हुए विभास्कर कुमार
x

सारण: सोनपुर निवासी धावक विभास्कर कुमार का चयन चीन के ऑर्डोस शहर में होने वाली अंडर-23 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में किया गया है। यह प्रतियोगिता 9 से 12 जुलाई के बीच आयोजित होगी। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा घोषित टीम में विभास्कर को 100 मीटर दौड़ और 4×100 मीटर रिले स्पर्धा के लिए शामिल किया गया है। विभास्कर कुमार ने इस वर्ष रांची में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 100 मीटर हीट में 10.36 सेकेंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर शानदार प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली।

सोनपुर से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाले विभास्कर का सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा है। उन्होंने मात्र 13 वर्ष की उम्र में दौड़ना शुरू किया था। पढ़ाई के दौरान वे हैदराबाद चले गए, जहां स्कूल स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखारा। वर्ष 2019 में उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट और कोरोना महामारी के कारण करियर में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार अभ्यास जारी रखा। बाद में बिहार सरकार के खिलाड़ियों के एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत उन्हें बेंगलुरु में कोच मनोज लोगराज के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण मिला, जिससे उनके प्रदर्शन में बड़ा सुधार हुआ।

अब उन्हें 100 मीटर के साथ-साथ 4×100 मीटर रिले टीम में भी शामिल किया गया है। रिले टीम में उनके साथ सम वसंत, हर्ष राउत, मोहम्मद शान और लैकिक मेलगे भी शामिल हैं। एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने विभास्कर के चयन पर खुशी जताई है और इसे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया है। संघ के अध्यक्ष सलीम परवेज ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। वहीं सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विभास्कर की मेहनत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया है और पूरे बिहार को उनसे पदक की उम्मीद है।

उनके चयन पर कई खेल पदाधिकारियों और संघ के सदस्यों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Next Story