
Bihar: बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य की पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए नया आदेश जारी किया है। नए निर्देश के अनुसार अब सामान्य श्रेणी के चयनित थानों में केवल इंस्पेक्टर (पुलिस निरीक्षक) रैंक के अधिकारी ही थानाध्यक्ष बनाए जाएंगे। इस फैसले के तहत वैशाली जिले के 13 थानों में भी बदलाव लागू होगा।
आदेश के अनुसार वैशाली के बिदुपुर, लालगंज, वैशाली, गोरौल, बेलसर, भगवानपुर, कटहारा, पातेपुर, नगर थाना, सदर थाना, महुआ, महनार और औद्योगिक थाना को इंस्पेक्टर स्तर का थाना घोषित किया गया है। इन थानों में अब तक कई जगहों पर सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) थानाध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे, लेकिन नए आदेश के बाद उनकी जगह इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
इस बदलाव के कारण आठ थानों में कार्यरत दारोगाओं को थानाध्यक्ष पद छोड़ना होगा। इनमें बेलसर, गोरौल, वैशाली, लालगंज, कटहारा, भगवानपुर, बिदुपुर और पातेपुर थाना शामिल हैं।
पुलिस मुख्यालय का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है। इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों की तैनाती से अपराध नियंत्रण, अनुसंधान और निगरानी व्यवस्था में सुधार होगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र के सभी अवर निरीक्षकों की शक्तियों का प्रयोग कर सकेंगे।
मुख्यालय ने उन थानों को प्राथमिकता दी है जहां हर वर्ष 350 या उससे अधिक आपराधिक मामले दर्ज होते हैं। ऐसे थानों में अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति कर पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की योजना है।
जानकारी के अनुसार, बिहार में कुल 1,382 पुलिस थाने हैं, जिनमें 208 विशेष श्रेणी के थाने हैं। सामान्य श्रेणी के थानों में अब तक 208 थानों में इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी तैनात थे। नए आदेश के बाद 217 और थानों को इस श्रेणी में शामिल किया जाएगा, जिससे कुल संख्या बढ़कर 425 हो जाएगी।
यह फैसला पुलिस व्यवस्था में प्रशासनिक सुधार और अपराध नियंत्रण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





