बिहार

हेलीकॉप्टर लैंडिंग में गड़बड़ी, अधिकारी सस्पेंड

Saba Naaz
23 Jun 2026 3:51 PM IST
हेलीकॉप्टर लैंडिंग में गड़बड़ी, अधिकारी सस्पेंड
x

Bihar: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर दौरे के दौरान हेलीकॉप्टर लैंडिंग में हुई असफलता के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कुमार ऋत्विक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी और वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक के आरोप लगाए गए हैं।

यह घटना 23 मई 2026 की बताई जा रही है, जब मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान किला मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग होनी थी। लेकिन मैदान की सही तरीके से सफाई नहीं होने के कारण लैंडिंग के समय भारी धूल उड़ गई, जिससे पायलट को लैंडिंग में कठिनाई हुई और प्रक्रिया बाधित हो गई। इसे सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही माना गया।

मामले की जांच के लिए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में एक टीम गठित की गई थी। जांच रिपोर्ट जिला पदाधिकारी बक्सर को सौंपी गई, जिसके बाद रिपोर्ट नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजी गई। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया प्रशासनिक लापरवाही की पुष्टि होने पर विभाग ने सख्त कदम उठाया।

विभाग ने आदेश में कहा है कि कुमार ऋत्विक का आचरण बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के विपरीत पाया गया है और उनकी लापरवाही के कारण वीवीआईपी सुरक्षा प्रभावित हुई। इसी आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नगर आयुक्त, नगर निगम मुजफ्फरपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

सरकार ने यह भी संकेत दिया है कि यह केवल प्रारंभिक कार्रवाई है। जल्द ही आरोप पत्र जारी कर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बक्सर नगर परिषद में नए कार्यपालक पदाधिकारी की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

यह मामला प्रशासनिक व्यवस्था और वीवीआईपी सुरक्षा प्रबंधन में लापरवाही को लेकर गंभीर उदाहरण माना जा रहा है, जिसमें आगे और कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Next Story