
Bihar: वैशाली के महुआ निवासी धीरज कुमार ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर राजस्व अधिकारी का पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक मान रहे हैं। धीरज ने 1600वीं रैंक प्राप्त की है।
धीरज कुमार, महुआ के शेरपुर मानिकपुर पंचायत के बहोरी गांव निवासी और समाजसेवी कृष्णा पंडित के पुत्र हैं। वे बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। वर्ष 2005 में उन्होंने मैट्रिक और 2007 में इंटर की परीक्षा पास की। इसके बाद वे सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए कोटा गए और फिर दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की।
इसी दौरान 2015 में उनकी मां मंजू देवी का निधन हो गया, जिससे उनका जीवन कठिन दौर से गुजरने लगा। मां के निधन के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और पढ़ाई जारी रखी। 2019 में उन्होंने नीरसु नारायण सिंह महाविद्यालय सिंघाड़ा से स्नातक पूरा किया और फिर से दिल्ली जाकर बीपीएससी की तैयारी में जुट गए।
धीरज ने बताया कि यह सफलता उनके चौथे प्रयास में मिली है। इससे पहले वे तीन बार परीक्षा दे चुके थे, लेकिन असफल रहे। इसके बावजूद उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता कृष्णा पंडित और शिक्षकों को दिया। धीरज ने कहा कि उनकी मां हमेशा उन्हें अधिकारी बनते देखना चाहती थीं। परिवार के अनुसार, धीरज का सपना हमेशा से गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना रहा है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे परिवार और गांव में गर्व और खुशी का माहौल है।





