बिहार

सिलेंडर में गैस की जगह पानी मिलने से बवाल

Saba Naaz
6 July 2026 3:36 PM IST
सिलेंडर में गैस की जगह पानी मिलने से बवाल
x

Bihar: लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के निस्ता गांव में एलपीजी सिलेंडर को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक नहीं, बल्कि तीन घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस की जगह पानी निकल आया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-8 निवासी दिनेश साव की पत्नी रिंकू देवी ने सोमवार सुबह नया सिलेंडर चूल्हे से जोड़ा। जैसे ही उन्होंने गैस जलाने की कोशिश की, आग सामान्य रूप से नहीं जली और भभकने लगी। संदेह होने पर सिलेंडर की जांच की गई तो उसमें से पानी निकलने की बात सामने आई। सिलेंडर का वजन भी सामान्य से अधिक बताया गया।

इसके बाद अन्य उपभोक्ताओं ने भी अपने सिलेंडरों की जांच की, जिसमें राधा देवी और सुनीता देवी के सिलेंडरों से भी पानी निकलने का दावा किया गया। एक साथ कई मामलों के सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई। पीड़ित रिंकू देवी ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद गैस एजेंसी के डीलर ने फोन नहीं उठाया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि इससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है और छोटे बच्चों के लिए खाना बनाना मुश्किल हो गया है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और प्रभावित उपभोक्ताओं को तुरंत नया सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।

Next Story