
Bihar: बक्सर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मंदिर जा रही 5 साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृत बच्ची की पहचान कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाईच गांव निवासी सुमेश कुमार की पुत्री सुरेशा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेशा अपनी दादी के साथ बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए घर से निकली थी।
घटना उस समय हुई जब दोनों ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के ओझा पेट्रोल पंप के पास एनएच-922 पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार वाहन ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन की तलाश में जुट गई है।
अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। घटना के बाद बड़का ढकाईच गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूजा के लिए निकली मासूम बच्ची की अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है।





