बिहार

भीषण गर्मी की वजह से बदली पटना के सरकारी और निजी स्कूलों की टाइमिंग, जानें अब कितने बजे तक होंगी छुट्टी

Renuka Sahu
17 April 2022 2:04 AM GMT
भीषण गर्मी की वजह से बदली पटना के सरकारी और निजी स्कूलों की टाइमिंग, जानें अब कितने बजे तक होंगी छुट्टी
x

फाइल फोटो 

भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पटना के सरकारी और निजी स्कूलों को 11.45 बजे तक ही संचालित करने का आदेश दिया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पटना के सरकारी और निजी स्कूलों को 11.45 बजे तक ही संचालित करने का आदेश दिया है। डीएम द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सभी कक्षाओं के लिए शैक्षणिक गतिविधियां निर्धारित समय के बाद प्रतिबंधित रहेंगी।

डीएम ने बताया कि दोपहर के समय अधिक गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। यह आदेश 18 अप्रैल से लागू होगा। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों को भी इसी समय पर संचालित करने को कहा गया है। डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि वे तय करें कि कोई भी स्कूल 11.45 बजे के बाद संचालित न हो। यदि कोई स्कूल निर्धारित समय के बाद भी स्कूल संचालित करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें।
सुबह से ही प्रचंड पारा, शाम तक लू का प्रवाह
पटना सहित इन जिलों में सुबह से ही प्रचंड पारा देखा गया। मॉर्निंग वॉकरों की संख्या कम हो गई है। शनिवार को दिन भर पछुआ का तेज प्रवाह रहा। शाम पांच बजे तक सड़कों पर लू की स्थिति रही।
पांच जिलों में हीट वेव की स्थिति रही, बांका रहा सबसे गर्म
शनिवार को राज्य के 17 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार रहा। इनमें पांच जिलों में हीट वेव की स्थिति रही। राज्य भर में बांका सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। रोहतास का डेहरी दूसरा सबसे गर्म जगह रहा जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। शेखपुरा में 42.6 डिग्री, पूर्वी चंपारण में 40.8 डिग्री जबकि पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकिनगर में 40 डिग्री तापमान रहा। इन पांचों जिलों में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक होने से हीट वेव की स्थिति रही। मौसम विज्ञान केंद्र ने बक्सर जिले के आंकड़े शनिवार को नहीं जारी किये। कहा यह जा रहा है कि बक्सर जिले के स्वचालित मौसम केंद्र की जांच और वहां तापमान का अध्ययन चल रहा है।
पटना, गया के तापमान में आंशिक गिरावट
पटना और गया का तापमान शनिवार को 41.6 डिग्री रहा। दोनों शहरों में तापमान में आंशिक गिरावट देखी गई। इसके अलावा भागलपुर में 41.5 डिग्री, सारण में 40 डिग्री, पश्चिमी चंपारण के माधोपुर में 41.5 डिग्री, जमुई में 42.2 डिग्री, औरंगाबाद में 41.1 डिग्री, बेगूसराय में 39.8 डिग्री, खगड़यिा में 41.8 डिग्री, नवादा में 42.5 डिग्री, नालंदा में 41.5 डिग्री, सीवान में 41 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।
Next Story