
Bihar: रोहतास जिले के परसथुआं बाजार में बैंक ऑफ इंडिया शाखा के नीचे स्थित दो दुकानों में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य सरगना को पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले से गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 31 मई की रात चोरों ने दुकानों का शटर काटकर तिजोरी से करीब 1.85 लाख रुपये नकद और लगभग 11 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था। इस घटना के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। जांच में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कंटेनर ट्रक की पहचान की गई।
मोबाइल सर्विलांस के जरिए पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पूर्वा चकचका न्यू टाउन से मुख्य आरोपी मो. अजीम को गिरफ्तार किया। आरोपी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि इस वारदात में कुल पांच अपराधी शामिल थे। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की रकम व सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।





