बिहार

मेहनत से बदली किस्मत, गेटमैन से अफसर तक का सफर

Saba Naaz
5 July 2026 4:39 PM IST
मेहनत से बदली किस्मत, गेटमैन से अफसर तक का सफर
x

Bihar: समस्तीपुर के रोसड़ा स्थित उदयनाचार्य कॉलेज में शनिवार को BPSC 70वीं परीक्षा में चयनित दो अधिकारियों DSP राजू कुमार और SDM सुदर्शन कुमार शर्मा का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर कॉलेज परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजय झा ने की, जबकि संचालन डॉ. अमरेश कुमार सिंह और संयोजन डॉ. विनय कुमार ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. मुकुल बिहारी वर्मा और विशिष्ट अतिथि राजेश कुमार सुमन मौजूद रहे।

DSP राजू कुमार ने अपने संघर्ष की कहानी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने गेटमैन की नौकरी करते हुए भी अपने सपनों को कभी टूटने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य, आत्मविश्वास और लगातार मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है। वहीं SDM सुदर्शन कुमार शर्मा ने छात्रों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और विषय की गहरी समझ विकसित करने की सलाह दी।

प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजय झा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की गौरवशाली सफलता है। उन्होंने DSP राजू कुमार के संघर्ष की तुलना दशरथ मांझी से करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरणा लेने की बात कही। मुख्य अतिथि प्रो. मुकुल बिहारी वर्मा ने कहा कि ऐसे छात्र समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जबकि राजेश कुमार सुमन ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, यह निरंतर प्रयास से ही मिलती है।

कार्यक्रम में कई शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे और पूरा आयोजन प्रेरणा और उत्साह का केंद्र बन गया।

Next Story