बिहार

बिहार के इन 108 भ्रष्‍ट लोकसेवकों पर कसेगा शिकंजा, जानें विधानसभा में क्‍या बोले मंत्री

Renuka Sahu
1 March 2022 3:22 AM GMT
बिहार के इन 108 भ्रष्‍ट लोकसेवकों पर कसेगा शिकंजा, जानें विधानसभा में क्‍या बोले मंत्री
x

फाइल फोटो 

बिहार के भ्रष्ट लोकसेवकों पर शिकंजा कसेगा। राज्य सरकार पुराने लंबित मामलों की शीघ्र समीक्षा कर 108 भ्रष्ट अधिकारियों पर अभियोजन चलाने को अंतिम रूप देगी।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार के भ्रष्ट लोकसेवकों पर शिकंजा कसेगा। राज्य सरकार पुराने लंबित मामलों की शीघ्र समीक्षा कर 108 भ्रष्ट अधिकारियों पर अभियोजन चलाने को अंतिम रूप देगी। सरकार के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सोमवार को बिहार विधानसभा में यह घोषणा की। मंत्री ने भाजपा विधायक संजय सरावगी द्वारा इस बाबत पूछे गए एक अल्पसूचित सवाल के जवाब में कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की स्वीकृति जल्द दी जाएगी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि 1999 से मामले लंबित हैं और विभिन्न विभागों से जुड़े हुए हैं। भ्रष्टाचार के विरुद्ध वर्तमान सरकार की जीरो टालरेंस की नीति है। उन्होंने प्रश्नकर्ता द्वारा सरकार की ओर से समयबद्ध आश्वासन की मांग पर कहा कि मुख्य सचिव के स्तर पर शीघ्र ही मामलों की समीक्षा की जाएगी। मुख्य सचिव संबंधित विभागों के प्रधान सचिवों के साथ इस मामले पर बैठक कर शीघ्र ही लंबित मामलों में अभियोजन की स्वीकृति देंगे। इसमें देर होना उचित नहीं है और सरकार भी जल्द कार्रवाई चाहती है।
हर प्रमंडल में होगी खाद की जांच की व्यवस्था
कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि रसायनिक खादों की जांच के लिए प्रयोगशाला हर प्रमंडल में खुलेगा। तीन प्रमंडलों में इसका भवन बनकर तैयार है। वहां जल्द ही जांच की प्रक्रिया शुरू होगी। शेष प्रमंडलों में भी भवन बन रहा है। मंत्री सोमवार को विधान परिषद में सर्वेश कुमार के अल्पसूचित प्रश्न का जवाब दे रहे थे। मंत्री ने कहा कि अभी खाद की जांच की व्यवस्था मीठापुर में है। लेकिन सरकार इसे हर प्रमंडल में ले जाना चाहती है। मुजफ्फरपुर, सहरसा और भागलपुर प्रमंडलों में भवन बनकर तैयार है। शेष प्रमंडलों में भी भवन बन जाने पर लैब खोल दिया जाएगा।
Next Story