बिहार

गोपालगंज में हादसे का खतरा बढ़ा

Saba Naaz
1 July 2026 5:23 PM IST
गोपालगंज में हादसे का खतरा बढ़ा
x

Bihar: गोपालगंज जिले के थावे प्रखंड स्थित मुखीराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है। गेट की खराब स्थिति को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को इससे दूर रहने की चेतावनी जारी की है और सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, यह गेट किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुआ था। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने बताया कि घटना के बाद से गेट की मरम्मत नहीं हो सकी है, जिससे स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी प्रवेश द्वार से विद्यालय में आते-जाते हैं, ऐसे में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। विद्यालय प्रशासन ने गेट पर चेतावनी संदेश लगाकर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्रों और स्टाफ को भी गेट के आसपास खड़े न होने की सलाह दी गई है।

घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य ओम प्रकाश राय ‘भुट्टो’ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित विभाग से जल्द मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मामला छात्रों की सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की देरी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। विद्यालय प्रशासन ने भी संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि मुख्य गेट को दुरुस्त कर परिसर को सुरक्षित बनाया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Next Story