बिहार

चार घंटे तक मुख्य मार्ग रहा पूरी तरह बाधित

Saba Naaz
5 July 2026 8:26 PM IST
चार घंटे तक मुख्य मार्ग रहा पूरी तरह बाधित
x

Bihar: नवादा से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां काशीचक थाना क्षेत्र के बौरी गांव में सात वर्षीय मासूम आर्यन राज की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को जैसे ही बच्चे का शव गांव पहुंचा, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने वारिसलीगंज-काशीचक मुख्य मार्ग पर शव रखकर करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, मामले की वैज्ञानिक जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना मिलने पर एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी, काशीचक थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद करीब चार घंटे बाद जाम हटाया गया।

पूर्व विधायक अरुणा देवी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना को बेहद दर्दनाक बताया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। वहीं कांग्रेस नेता सतीश कुमार उर्फ मंटन सिंह ने भी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पर स्पष्टता मिलेगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story