बिहार

स्थापना दिवस पर RJD की पुरानी यादें ताजा

Saba Naaz
5 July 2026 8:14 PM IST
स्थापना दिवस पर RJD की पुरानी यादें ताजा
x

Bihar: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस रविवार को बेतिया के संतघाट स्थित जिला कार्यालय में उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और नीतियों को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाए और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जाए।

पूर्व विधायक सह जिला संगठन प्रभारी राजेंद्र राम ने कहा कि कार्यकर्ता ही राजद की असली ताकत हैं और संगठन जितना मजबूत होगा, जनता के बीच पकड़ उतनी ही मजबूत होगी। जिलाध्यक्ष साहेब हुसैन अंसारी ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं बल्कि संगठन को मजबूत करने का संकल्प लेने का अवसर है।

प्रधान महासचिव अमर यादव ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता किसी भी दल की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की। मुख्य प्रवक्ता प्रभु यादव ने कहा कि राजद सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और गरीब, किसान, मजदूर, पिछड़ों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रखेगी।

कार्यक्रम में पार्टी संस्थापकों को याद किया गया और संगठन को और मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story