बिहार

DM ने रोगी कल्याण समिति की बैठक में दिए कई आवश्यक निर्देश

Gulabi Jagat
31 Dec 2025 12:02 AM IST
DM ने रोगी कल्याण समिति की बैठक में दिए कई आवश्यक निर्देश
x
Lakhisarai, लखीसराय। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक सदर अस्पताल सभागार में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सदर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करना तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का आकलन करना था।बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा पूर्व की बैठक में दिए गए बिंदुओं पर विस्तार से रिव्यू किया गया। समीक्षा में यह पाया गया कि इनमें से बहुत से बिंदुओं का सफलतापूर्वक अनुपालन कर लिया गया है। इस प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की तथा संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की सराहना की। साथ ही शेष लंबित बिंदुओं पर कार्य में तेजी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया गया, ताकि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जा सकें।
बैठक में मुख्य रूप से ऑक्सीजन प्लांट तथा पीआईसीयू (PICU) से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऑक्सीजन प्लांट से जुड़े कार्यों को 30 दिनों के भीतर प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, जिससे गंभीर रोगियों को समय पर बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके अतिरिक्त सदर अस्पताल में स्थित वाइटल काउंटर पर अत्यधिक भीड़ होने की समस्या पर भी ध्यान दिया गया। वाइटल काउंटर पर बीपी, वजन आदि की माप की जाती है, जिसके कारण वहां रोगियों की अधिक भीड़ एकत्रित हो जाती है। इस समस्या के समाधान हेतु जिला पदाधिकारी ने वाइटल काउंटर को नियंत्रित करने एवं आवश्यकता अनुसार उसके स्थानांतरण का निर्देश दिया, ताकि रोगियों को सुगमता हो और अव्यवस्था न उत्पन्न हो।
बैठक में रोगी कल्याण समिति के कार्यालय के निर्माण/स्थापना से संबंधित प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा इस कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सफाई कर्मियों की संख्या, उनके विवरण एवं उपस्थिति से संबंधित जानकारी की मांग की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिला पदाधिकारी ने कहा कि सदर अस्पताल में रोगियों को बेहतर, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।बैठक में सिविल सर्जन डॉक्टर उमेश प्रसाद, उपाध्यक्ष राकेश कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी ,जिला सुधांशु नारायण सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story