बिहार

खेल-खेल में अचानक उग्र हुए हमलावर, जमकर बरसाईं लाठियां

Saba Naaz
27 Jun 2026 3:04 PM IST
खेल-खेल में अचानक उग्र हुए हमलावर, जमकर बरसाईं लाठियां
x

दरभंगा (सिमरी): बिहार के दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कंसी गांव से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ मुहर्रम की नौंवी के खेल और पारंपरिक चौकी मिलान कार्यक्रम के दौरान एक २६ वर्षीय युवक पर कुछ असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण वह बेहोश होकर कोमा में चला गया है। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब १२ बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद से ही गांव में भारी तनाव का माहौल है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मजदूरी करता था युवक, टूटे हाथ के साथ देख रहा था खेल

घायल युवक की पहचान कंसी गांव (वार्ड नंबर-४) के रहने वाले २६ वर्षीय मोहम्मद जाहिद अंसारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि जाहिद मुंबई की एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम करता था। करीब २५ दिन पहले मुंबई में काम करने के दौरान ही दुर्घटना में उसका एक हाथ टूट गया था, जिसके बाद वह अपने इलाज और आराम के लिए गांव लौटा था। घटना के वक्त जाहिद का एक हाथ प्लास्टर में था और वह केवल मुहर्रम का खेल और चौकी मिलान का कार्यक्रम देखने के लिए वहां खड़ा था। तभी अचानक मामूली विवाद को लेकर वार्ड नंबर-७ के रहने वाले मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद साबिर हुसैन और उनके अन्य सहयोगियों ने जाहिद को घेर लिया और हॉकी स्टिक व लकड़ी के भारी मुगदर (डंडे) से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हालत बेहद नाजुक, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

हमले के बाद जाहिद लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (DMCH) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे दरभंगा के अल्लपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया है। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक के सिर पर गहरा आघात लगा है और वह फिलहाल कोमा में है, जहाँ उसकी स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य हमलावरों की तलाश तेज

पीड़ित के बड़े भाई मोहम्मद अशफाक अंसारी के लिखित बयान के आधार पर सिमरी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और मुख्य आरोपी मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कांड के अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

Next Story