बिहार

डुमरांव में डेंगू-चिकनगुनिया को लेकर टास्क फोर्स बैठक, जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा पर भी चर्चा

Saba Naaz
6 July 2026 3:55 PM IST
डुमरांव में डेंगू-चिकनगुनिया को लेकर टास्क फोर्स बैठक, जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा पर भी चर्चा
x

Bihar: बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड कार्यालय स्थित प्रखंड प्रौद्योगिकी केंद्र में सोमवार को प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संदीप कुमार पांडेय ने की। इसमें आगामी जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा को सफल बनाने के साथ-साथ डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं। बीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम को बेहतर तरीके से जमीन पर लागू किया जा सके।

डेंगू और चिकनगुनिया को लेकर बीडीओ ने विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौजूदा मौसम में मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने मॉल संचालकों, दुकानदारों और संस्थानों से अपील की कि खाली डिब्बों, कार्टनों और अन्य जगहों पर पानी जमा न होने दें, क्योंकि यही मच्छरों के प्रजनन का कारण बनता है। जरूरत पड़ने पर जमा पानी में मिट्टी का तेल डालकर मच्छरों के पनपने को रोका जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हर बुखार डेंगू नहीं होता, इसलिए लोगों को घबराने के बजाय समय पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं होती, कई मामलों में सामान्य इलाज से भी मरीज ठीक हो सकते हैं। बैठक में लोगों को यह भी सलाह दी गई कि तेज बुखार की स्थिति में एस्पिरिन और ब्रूफेन जैसी दवाओं का सेवन न करें और केवल पैरासिटामोल को सुरक्षित विकल्प माना जाए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पंचायत राज विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने और मच्छरजनित बीमारियों पर नियंत्रण के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया।

Next Story