चार युवकों की संदिग्ध मौत से गांव में मचा हड़कंप, नशीले पदार्थ पर शक

चार युवकों की संदिग्ध मौत से गांव में मचा हड़कंप, नशीले पदार्थ पर शक
पटना: बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित बेढ़ना गांव में चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चारों युवकों ने एक साथ बैठकर किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बेढ़ना गांव निवासी शशि कुमार (32), विकास राम (40), पंकज सिंह (45) और निशु कुमार (30) के रूप में बताई गई है। एक ही गांव के चार लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है।
नशीला पदार्थ लेने के बाद बिगड़ी हालत
जानकारी के मुताबिक चारों युवक गांव के पास एक साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान कथित तौर पर उन्होंने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया। कुछ समय बाद चारों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। ग्रामीणों ने उन्हें गंभीर हालत में बाढ़ के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया।
हालत में सुधार नहीं होने पर चारों को अनुमंडल अस्पताल बाढ़ ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया।
मुंह से निकल रहा था झाग
सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर के मुताबिक शुरुआत में तीन युवकों को अस्पताल लाया गया था और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद चौथे युवक को भी अस्पताल लाया गया। चारों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया था।
हालांकि इलाज के दौरान चारों युवकों की जान नहीं बचाई जा सकी।
शराब पीने की चर्चा लेकिन पुष्टि नहीं
ग्रामीण सूत्रों का दावा है कि चारों युवक एक साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। डॉक्टर के मुताबिक ग्रामीणों ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन की जानकारी दी है, लेकिन उसमें क्या मिलावट थी या युवकों ने वास्तव में किस पदार्थ का सेवन किया था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में मौत की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गांव में चार मौतों से मातम
एक साथ चार युवकों की मौत की खबर मिलने के बाद बेढ़ना गांव में मातम का माहौल है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी कई तरह की चर्चाएं हैं। अब यह पता लगाया जाना महत्वपूर्ण है कि चारों ने किस पदार्थ का सेवन किया था और उनकी तबीयत इतनी तेजी से क्यों बिगड़ी।





