बिहार

शेल्टर होम में आत्महत्या मामला, जांच तेज

Saba Naaz
6 July 2026 8:28 PM IST
शेल्टर होम में आत्महत्या मामला, जांच तेज
x

Bihar: आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र स्थित अल्पवास गृह में एक युवती की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. पुलिस को उसके कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिससे मामला और भी उलझ गया है. वहीं मृतका के पिता ने इसे हत्या बताते हुए अज्ञात के खिलाफ नवादा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है और जांच की मांग की है.

मृतका के पिता संजय कहार, जो बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा गांव के रहने वाले हैं, ने आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले बेलौना-खरौनी गांव के दीपक गोंड उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. इस संबंध में पहले से बिहिया थाने में मामला दर्ज है.

परिजनों के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर युवती अल्पवास गृह में रह रही थी. पिता का कहना है कि घटना से एक दिन पहले वह बेटी से मिलने गए थे और उस समय वह काफी सामान्य और खुश थी. उसने कहा था कि जल्द ही उसे वहां से छुट्टी मिल जाएगी.

पुलिस को मिले सुसाइड नोट में युवती ने “मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना” लिखा है. साथ ही उसने अपने प्रेम संबंध का भी जिक्र किया है और लिखा है कि “प्यार में धोखा मिला है.”

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, घटना को आत्महत्या या अन्य कोणों से जोड़कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Story