
Bihar: बिहार में मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत ग्रेजुएशन पास करीब 1.5 लाख छात्राओं को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने वित्त विभाग को मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। विभाग के अनुसार, दिसंबर 2025 तक स्नातक पास करने वाली छात्राओं का पूरा डेटा पोर्टल पर अपलोड कर उसकी जांच पूरी कर ली गई है। जांच में जिन छात्राओं के आवेदन सही पाए गए हैं, उनके खातों में जल्द ही राशि ट्रांसफर की जाएगी। अब केवल वित्त विभाग की मंजूरी का इंतजार है, जिसके बाद भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
डेटा जांच के दौरान कुछ आवेदनों में तकनीकी गड़बड़ियां भी सामने आई हैं। ऐसी छात्राओं के लिए यूनिवर्सिटीज को ऑनलाइन सुधार कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री बालिका (ग्रेजुएट) प्रोत्साहन योजना के तहत सभी पात्र स्नातक छात्राओं को 50-50 हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान है। विभाग ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और जल्द ही राशि ट्रांसफर की जाएगी।
इस योजना का लाभ राज्य की कई प्रमुख यूनिवर्सिटियों की छात्राओं को मिलेगा, जिनमें बीएन मंडल यूनिवर्सिटी, बीआरए बिहार यूनिवर्सिटी, जयप्रकाश यूनिवर्सिटी, ललित नारायण मिथिला यूनिवर्सिटी, मुंगेर यूनिवर्सिटी, पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी, पटना यूनिवर्सिटी, पूर्णिया यूनिवर्सिटी, तिलका मांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी, वीर कुंवर सिंह यूनिवर्सिटी और मगध यूनिवर्सिटी शामिल हैं।
विभाग का कहना है कि मंजूरी मिलते ही राशि सीधे छात्राओं के बैंक खातों में भेज दी जाएगी।





