
सीवान। बिहार पुलिस दूरसंचार एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) पदों के लिए 28 जून 2026 को होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर सीवान जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है।
शनिवार को समाहरणालय स्थित अंबेडकर भवन के संवाद कक्ष में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से परीक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों की बैठक ली। इसमें केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और कार्यपालक सहायकों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जानकारी के अनुसार, यह परीक्षा 28 जून को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक एकल पाली में आयोजित होगी। जिला मुख्यालय में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी, इसके बाद प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर जैमर, CCTV कैमरे और हॉटलाइन VoIP फोन लगाए गए हैं ताकि परीक्षा की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की फोटोग्राफी और बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंटिंग की जाएगी। परीक्षा के दौरान भी वीडियोग्राफी और निगरानी जारी रहेगी। सभी केंद्राधीक्षकों और संबंधित कर्मियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। प्रवेश द्वार पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। अभ्यर्थियों को सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) के बाद ही अंदर जाने दिया जाएगा। बिना वैध एडमिट कार्ड और फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री या सादा कागज परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से दिशा-निर्देश प्रसारित किए जाएंगे ताकि सभी अभ्यर्थी नियमों का पालन कर सकें। प्रशासन ने कहा है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।





