
हाजीपुर/वैशाली। उत्तर प्रदेश के नोएडा में हुए एक सड़क हादसे में बिहार के वैशाली जिले के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के मधौल गांव निवासी 30 वर्षीय पप्पू कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पप्पू कुमार मधौल वार्ड-15 निवासी भजन राय के पुत्र थे। वह करीब छह महीने पहले रोजगार की तलाश में घर से बाहर निकले थे। पहले वह कोलकाता गए थे, जहां एक निजी कंपनी में मालवाहक वाहन चालक के रूप में काम कर रहे थे। वह अपनी मेहनत से परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। बताया गया है कि वह माल लेकर कोलकाता से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नोएडा के पास उनकी गाड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में पप्पू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में मौजूद उप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
हादसे की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी रेणु देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। साथ ही उनके वृद्ध माता-पिता और छोटे-छोटे बच्चे भी गहरे सदमे में हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार पप्पू कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और अपने परिवार की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
पैक्स अध्यक्ष बैद्यनाथ राय, पूर्व जिला पार्षद अशोक कुमार अकेला, गणेश राय, अश्वनी कुमार और जवाहर राय सहित कई लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। प्रशासनिक स्तर पर हादसे की जानकारी ली जा रही है और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।





