बिहार

नहाने को लेकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले

Saba Naaz
6 July 2026 9:59 PM IST
नहाने को लेकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले
x

Bihar: कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत बेलाव थाना क्षेत्र में बच्चों के नहाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद दो गांवों के बीच बड़े हिंसक संघर्ष में बदल गया। यह घटना सरैया टोला और सोनवर्षा गांव के लोगों के बीच हुई, जिसमें लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर जमकर चले। इस झड़प में कुल 18 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम खजुरा सरैया टोला स्थित काली मंदिर नहर में दोनों गांवों के बच्चे नहाने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे बड़े विवाद में बदल गई और फिर दोनों पक्षों के बड़े लोग भी इसमें शामिल हो गए। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

मारपीट में महिलाओं, पुरुषों और युवकों सहित दोनों पक्षों के 18 लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर बेलाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को रामपुर पीएचसी भेजा गया। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सरैया टोला की विगनी देवी ने 20 लोगों को नामजद किया है, जबकि सोनवर्षा की प्रमिला देवी ने 14 नामजद और 15 अज्ञात लोगों पर आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए करमचट और भगवानपुर थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की और 16 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने चौकीदारों की तैनाती कर दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Next Story