बिहार

बिहार में विकास का नया मॉडल

Saba Naaz
6 July 2026 9:07 PM IST
बिहार में विकास का नया मॉडल
x

सारण जिले: सोनपुर आयोजना क्षेत्र के दूसरे विस्तार प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसके तहत मकेर और अमनौर प्रखंडों को इस क्षेत्र में शामिल किए जाने के बाद इसका कुल दायरा लगभग 800 वर्ग किलोमीटर तक पहुंच जाएगा। इस फैसले के साथ सोनपुर आयोजना क्षेत्र बिहार के सबसे बड़े आयोजना क्षेत्रों में शामिल हो जाएगा। सोमवार को बुद्ध मंदिर में जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में हितधारकों की समीक्षा के बाद पहले से प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों का तकनीकी निपटारा किया गया। इसके बाद मकेर और अमनौर को शामिल करने के प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी दी गई।

अब इस प्रस्ताव को अंतिम गजट अधिसूचना के लिए बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद सोनपुर आयोजना क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 798.94 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा। इसमें 575 राजस्व ग्राम और 3 शहरी प्रशासनिक इकाइयाँ शामिल होंगी। यह विस्तार सोनपुर आयोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2023 में इसे अधिसूचित किया गया था और वर्ष 2025 में इसका दायरा बढ़ाकर लगभग 600 वर्ग किलोमीटर किया गया था। अब इसमें लगभग 200 वर्ग किलोमीटर और जोड़ा गया है।

बैठक में ऑनलाइन माध्यम से जुड़े सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी ने इस विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भविष्य में “नया पटना” के रूप में विकसित हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों के दौरान स्थानीय किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा और उन्हें औद्योगिक विकास से जोड़ा जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए क्षेत्रों के नक्शे और आधारभूत ढांचे की योजना जल्द तैयार की जाए, ताकि स्वीकृति मिलने के बाद विकास कार्यों को तेजी से शुरू किया जा सके।

इस निर्णय के बाद सोनपुर क्षेत्र में विकास और शहरीकरण की गति तेज होने की उम्मीद है और इसे बिहार के सबसे महत्वपूर्ण आयोजना क्षेत्रों में शामिल माना जा रहा है।

Next Story