बिहार में बीजेपी को झटका, वैश्य नेताओं ने छोड़ी पार्टी, एक RJD में शामिल

Shivhar.शिवहर। शिवहर भाजपा में एक बार फिर बड़ी फूट देखने को मिली है। भाजपा से इस्तीफा देने के बाद वैश्य समाज के कद्दावर नेता राधाकांत गुप्ता उर्फ बच्चू जी शुक्रवार को राजधानी पटना में आयोजित समारोह में राजद में शामिल हो गए। वहीं, वैश्य समाज के एक और बड़े नेता और भाजपा के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रामाधार साह ने भी भाजपा छोड़ दी है। इसके साथ ही वे 300 समर्थकों के साथ जन सुराज में शामिल हो गए हैं। राधाकांत गुप्ता की तरह डॉ. रामाधार साह को भी भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था। हालांकि बाद में वे भी पार्टी में वापस आ गए। इन सबके बीच कई और वैश्य नेताओं का भाजपा से मोहभंग होता दिख रहा है। विधानसभा चुनाव के समय वैश्य समाज के दो बड़े नेताओं के भाजपा से इस्तीफा देने के बाद सियासत गरमा गई है। इस बीच वैश्य समाज के कई और बड़े नेता भाजपा छोड़ने की तैयारी में हैं।
भाजपा नगर व ग्रामीण मंडल की बैठक में संगठन को मजबूत करने पर जोर दूसरी ओर भाजपा शिवहर नगर व शिवहर ग्रामीण मंडल की संयुक्त कार्यसमिति का प्रथम सत्र नगर मंडल अध्यक्ष वैद्यनाथ साह व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष पवन कुमार साह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में पूर्व में किए गए सभी कार्यक्रमों पर विशेष रूप से चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में गांव-गांव में संगठन को मजबूत करने व केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष चर्चा की गई। मौके पर जिला महामंत्री विनय कुमार सिंह, राजेश कुमार राजू, जिला उपाध्यक्ष डॉ नूतन सिंह, रामकृपाल शर्मा, जयप्रकाश गुप्ता, बेबी कुमारी, मनोज कुमार गुप्ता, भारत भूषण दुबे, संजय कुमार तिवारी, छोटू गुप्ता, हरि मोहन गिरी, सुरेंद्र सिंह महंत मनोज गिरी, देवेंद्र राय, मनोज कुमार, बालमुकुंद, सुजीत कुमार जायसवाल, मनीष कुमार, नितेश गिरी व रत्नेश सोनी आदि मौजूद थे।





